लक्सर क्षेत्र में ऊर्जा निगम की ओर से चलाए जा रहे विधुत बिल वसूली अभियान के दौरान बृहस्पतिवार को जब लक्सर ऊर्जा निगम में तैनात अवर अभियंता रामकुमार की अगुवाई में कर्मचारी सलमान, मोहम्मद अली, शेर सिंह, मोहम्मद आरिफ, सुनील और मेनपाल की टीम ने मोहम्मदपुर बुजुर्ग पहुंचकर अभियान चलाया। ऊर्जा निगम के जेई रामकुमार ने बताया कि गांव में एक उपभोक्ता पर विभाग का 2.43 लाख का बिल भुगतान बकाया है।बकाया जमा नहीं करने पर टीम ने उपभोक्ता का कनेक्शन काट दिया। आरोप लगाया कि कनेक्शन काटने के बाद टीम जैसे ही आगे बढ़ी कुछ लोग मौके पर आए और टीम को घेर लिया। इनमें शामिल आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जेई ने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर एसडीओ अमीचंद मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद कर्मचारी लक्सर कोतवाली पहुंचे और पांच लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर मिली है। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।वहीं ग्रामीणों में चर्चा है कि टीम द्वारा किसानो के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है।